उत्तर प्रदेशप्रशासनिकसामाजिकहापुड़

जनपद हापुड़ में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 692 बूथों पर बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

हापुड़। जनपद हापुड़ में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को सफलतापूर्वक किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा के नेतृत्व में जिलेभर में 692 पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की खुराक पिलाई गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। बूथों पर स्वास्थ्य कर्मियों और संबंधित टीमों की तैनाती की गई, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि जनपद में पल्स पोलियो अभियान के तहत कुल 2,74,600 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए समय पर वैक्सीनेशन बेहद जरूरी है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बूथ दिवस के बाद सोमवार से घर-घर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिले में 530 पोलियो टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए हैं।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियोरोधी दवा से वंचित न रहे। इसके लिए टीमों द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को पूरी तरह हासिल किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास के बच्चों को भी पोलियो अभियान के प्रति जागरूक करें और इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button