उत्तर प्रदेशप्रदर्शनसामाजिकहापुड़

सिंभावली शुगर मिल में गन्ना आवंटन पर घमासान, कर्मचारियों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सिंभावली प्रभारी-योगेश कुमार शर्मा

सिंभावली,(हापुड़)। सिंभावली शुगर मिल में गन्ना आवंटन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पेराई सत्र 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश के गन्ना आयुक्त की ओर से मिल को केवल मिल गेट और छह क्रय केंद्र आवंटित किए जाने से मिल कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि मिल की पेराई क्षमता के अनुपात में गन्ने का आवंटन पर्याप्त नहीं है, जिससे मिल के सुचारू संचालन पर असर पड़ सकता है।

इस फैसले के विरोध में सिंभावली शुगर मिल्स लेबर यूनियन ने आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। यूनियन के अध्यक्ष नारायण सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मिल प्रबंधन अपने स्तर पर संचालन को सुचारू बनाए रखने के प्रयास कर रहा है, लेकिन सीमित गन्ना आवंटन के कारण मुश्किलें बढ़ रही हैं।

नारायण सिंह के अनुसार, यदि मिल को जरूरत के मुताबिक गन्ना उपलब्ध नहीं कराया गया तो इसका असर मिल में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों, ठेकेदारों, गन्ना ढुलाई और लदाई से जुड़े मजदूरों तथा उनके परिवारों की आजीविका पर पड़ सकता है।

मिल परिसर में कर्मचारियों ने जताया विरोध

गन्ना आवंटन बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को लेबर यूनियन के आह्वान पर दोपहर एक बजे बड़ी संख्या में कर्मचारी मिल परिसर में एकत्र हुए। यहां कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मिल की आवश्यकता और पेराई क्षमता को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त गन्ना आवंटित किया जाए, ताकि पेराई कार्य प्रभावित न हो।

प्रदर्शन में नीरज शर्मा, परविंदर चौधरी, राजेंद्र सिंह, ऋषिपाल, ताहिर अली, राजीव चौधरी, मुनेश शर्मा और राजू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अन्य लोग शामिल हुए।

मांग पूरी नहीं होने पर जिला मुख्यालय पहुंचने की चेतावनी

लेबर यूनियन ने शासन और प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर गन्ना आवंटन की समस्या का समाधान करने की मांग की है। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पर्याप्त गन्ने का आवंटन नहीं किया गया तो कर्मचारी और मजदूर जिला मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन करेंगे।

यूनियन के मुताबिक, मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने और घेराव करने का निर्णय भी लिया जा सकता है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों और मजदूरों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

अब देखना होगा कि शासन और प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाते हैं और सिंभावली शुगर मिल को उसकी पेराई क्षमता के अनुरूप गन्ना आवंटित करने को लेकर कब तक निर्णय लिया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button