सिम्भावली शुगर मिल में चौथे दिन भी धरना जारी, मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे हजारों किसान-कर्मचारियों को पुलिस ने रोका

मिल चालू कराने और गन्ना भुगतान की मांग को लेकर पैदल मार्च कर रहे किसानों व कर्मचारियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कर्मचारियों में भारी आक्रोश
सिंभावली प्रभारी-योगेश कुमार शर्मा
सिम्भावली। सिम्भावली शुगर मिल में पेराई सत्र शुरू कराने और बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। वहीं, गढ़ गंगा कार्तिक मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी समस्याएं रखने जा रहे हजारों किसान और कर्मचारियों को पुलिस ने रोककर गिरफ्तार कर लिया।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी कुशलपाल के नेतृत्व में मिल के लेबर यूनियन के पदाधिकारियों और हजारों किसान-कर्मचारियों ने सिम्भावली शुगर मिल से पैदल मार्च शुरू किया। जैसे ही प्रदर्शनकारी थाने पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखने से पहले ही रोके जाने पर कर्मचारियों और किसानों में भारी आक्रोश है।
उधर, सिम्भावली शुगर मिल्स लेबर यूनियन के अध्यक्ष नारायण सिंह के नेतृत्व में कर्मचारी मिल चालू कराने की मांग को लेकर चौथे दिन भी धरने पर डटे रहे। धरने पर कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मिल प्रशासन की लापरवाही के कारण मजदूरों और किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यदि समय रहते मिल प्रशासन ने शासन-प्रशासन से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की होती, तो मिल के गन्ना क्रय केंद्र दूसरी चीनी मिलों को आवंटित नहीं होते।
कर्मचारियों ने बताया कि पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना आयुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा सिम्भावली चीनी मिल को केवल मिल गेट और छह क्रय केंद्र आवंटित किए गए हैं, जो मिल की पेराई क्षमता के मुकाबले बेहद कम हैं। इतनी कम मात्रा में गन्ना मिलने से मिल का संचालन मुश्किल हो गया है। मिल प्रबंधन की ओर से पर्याप्त गन्ना आवंटन कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक मिल चालू नहीं हो पाई है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मिल को पर्याप्त गन्ना आवंटित कर पेराई सत्र शुरू नहीं कराया गया, तो हजारों कर्मचारी, ठेकेदार, गन्ना ढुलाई और लदाई से जुड़े मजदूर तथा उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।
कर्मचारियों ने कहा कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही गन्ना समिति सिम्भावली का घेराव कर कंप्यूटर कार्य बंद कराने की चेतावनी भी दी गई। कुछ कर्मचारियों ने मिल चालू न होने की स्थिति में आत्मदाह जैसा आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी भी दी, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
ये रहे मौजूद: योगेश कुमार गौतम, राकेश पंडित, सुरेंद्र, सतवीर, गौरव राठी, विजय कुमार, केपी सिंह, सचिन चौधरी, पवन त्यागी, सुनील, जिले सिंह, राजकुमार शर्मा, अशोक त्यागी, तेजपाल जाटव, शाहिद, अरुण लोधी, कृपाल सिंह, दीपक सिंह, हरिओम, अरुण त्यागी, उमेश, नीरज शर्मा, हामिद, मारूफ, कृष्ण पाल, राजेंद्र सिंह, ऋषिपाल, राजीव चौधरी, पवन कुमार, ताहिर, मुनेश शर्मा और ठेकेदार सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी व किसान मौजूद रहे।



