भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने नरेंद्र राणा को सौंपी गाजियाबाद जिला महामंत्री की जिम्मेदारी

ब्यूरो चीफ-पवन शर्मा
गाजियाबाद,(लाईव न्यूज उत्तर प्रदेश)। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में नरेंद्र राणा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। 3 नवंबर 2026 को संगठन के प्रदेश सचिव गौरव त्यागी, जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी एवं सतीश त्यागी ने नरेंद्र राणा के आवास पर पहुंचकर उन्हें गाजियाबाद जिला महामंत्री के पद पर नियुक्त किया।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नरेंद्र राणा अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
नियुक्ति के बाद नरेंद्र राणा ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह संगठन के विस्तार के साथ-साथ देशहित और समाजहित के कार्यों के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। समाज में होने वाली असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे और ऐसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपना सहयोग देंगे।
नरेंद्र राणा ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति केवल किसानों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग के लोग जुड़कर देश और समाज के हित में कार्य कर सकते हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने नरेंद्र राणा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन जय किसान और जय हिंदुस्तान के नारों के साथ हुआ।



