हापुड़: कबीर रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, ग्रेवी का लिया गया नमूना

हापुड़। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरूरपुर स्थित NH-9 पर बने कबीर रेस्टोरेंट पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने रेस्टोरेंट में तैयार की जा रही ग्रेवी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की जांच के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कबीर रेस्टोरेंट सहित कई अन्य प्रतिष्ठानों, मसाला फैक्ट्रियों और अवैध सॉस यूनिटों पर भी निरीक्षण किया गया।
छापेमारी के दौरान फूड इंस्पेक्टर ने रेस्टोरेंट परिसर में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और गुणवत्ता मानकों की जांच की। टीम ने मौके से ग्रेवी का सैंपल लिया, जिसे परीक्षण के लिए लैब भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में कमी पाए जाने पर रेस्टोरेंट संचालक को साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं और नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित रेस्टोरेंट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



