पुलिस ने बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को किया जागरूक, दहेज अपराध रोकने पर दिया जोर

हापुड़। पुलिस मंथन 2025 की संस्तुतियों के तहत जनपद में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। 23 जून 2026 को ग्राम पंचायत असौड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और छात्राओं ने सहभागिता की।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्महत्या की प्रवृत्ति को रोकना, विवाहित महिलाओं के साथ होने वाली दहेज हत्या एवं दहेज प्रताड़ना जैसी घटनाओं में कमी लाना तथा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती अरुणा राय ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित किया। उन्होंने दहेज हत्या, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, महिलाओं द्वारा आत्महत्या जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने लड़कियों के साथ होने वाली छेड़खानी और अन्य अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया।
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि मिशन शक्ति केंद्रों पर प्राप्त होने वाले पारिवारिक विवादों का शीघ्र निस्तारण और काउंसलिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे बिना संकोच पुलिस की सहायता ले सकती हैं।
सम्मेलन में अविवाहित छात्राओं एवं युवतियों को भी विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन के दौरान महिलाओं की समस्याएं भी सुनी गईं। कार्यक्रम में कुल पांच प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन पर पुलिस टीम द्वारा काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में महिलाओं के प्रति अपराधों को कम किया जा सके और सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सके।



