30 अक्टूबर को सभी विकासखंडों में होगा PM किसान उत्सव, ‘खेत बचाओ अभियान’ का भी होगा शुभारंभ

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। जनपद में विकासखंड स्तर दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को पीएम किसान उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी अवसर पर जनपद में ‘खेत बचाओ अभियान’ का भी शुभारंभ किया जाएगा। भारत सरकार से प्राप्त मार्गदर्शन एवं उत्तर प्रदेश शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में संचालित होने वाला यह अभियान 30 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक विकासखंड में सात-सात कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने जानकारी देते हुए बताया कि खेत बचाओ अभियान के प्रभावी संचालन के लिए उप कृषि निदेशक को नोडल अधिकारी तथा कृषि विज्ञान केंद्र, मुरादनगर के प्रभारी डॉ. प्रमोद कुंदू को सह-नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अभियान के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों तथा कृषि वैज्ञानिकों की टीम द्वारा किसानों को विभिन्न कृषि विषयों पर जानकारी एवं तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान किसानों को फसल बीमा योजनाओं, कृषि ऋण से संबंधित जानकारी तथा उर्वरकों के संतुलित एवं उचित उपयोग के संबंध में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को कृषि की वैज्ञानिक पद्धतियों, फसलों की सुरक्षा तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे किसान इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को पीएम किसान उत्सव के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम के प्रभावी संचालन में सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
उप कृषि निदेशक श्री आशीष कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष ₹6,000 की धनराशि तीन समान किस्तों में, ₹2,000 प्रति किस्त, प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि योजना की 23वीं किस्त दिनांक 20 जून को जारी की गई थी, जिसके अंतर्गत जनपद गाजियाबाद के लगभग 30,000 किसानों के बैंक खातों में करीब ₹6 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की गई थी।
उन्होंने बताया कि दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को पीएम किसान उत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से किसान लाभार्थी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा सम्मान निधि की धनराशि हस्तांतरण कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।
जनपद का मुख्य कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, मुरादनगर में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ पीएम किसान योजना के लाभार्थी किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने यह भी बताया कि किसानों तक कार्यक्रम की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सहकारी समितियों, गन्ना समितियों, पीएम किसान समृद्धि केंद्रों तथा खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रय प्रतिष्ठानों पर भी सजीव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी, कृषि रक्षा अधिकारी एवं एआर कोऑपरेटिव को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में की गई कार्रवाई की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी विकासखंड अथवा निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पीएम किसान उत्सव में सहभागिता करें तथा खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेकर कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।



