गाजियाबाद में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाज, विधायक संजीव शर्मा ने जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

गाजियाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को एचआरआईटी विश्वविद्यालय, मेरठ रोड में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर विधायक संजीव शर्मा ने किया। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में एचआरआईटी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर अंजुल अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। विद्यार्थी समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी छात्रों से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अंकिता शुक्ला ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का ध्यान रखने की जरूरत है।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा विषय पर आशुभाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें करीब 15 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि संजीव शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट के इस्तेमाल और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव शर्मा और पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात नियमों का प्रचार किया जाएगा। विधायक ने उपस्थित विद्यार्थियों और अन्य लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारियों, विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों और करीब 350 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पखवाड़े के दौरान जिले में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ यातायात नियमों के पालन को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।



