बाल दिवस पर एंजेल इंटरनेशनल स्कूल में सजी विज्ञान प्रदर्शनी, बाल मेले में बच्चों ने दिखाया हुनर

पिलखुवा (हापुड़)। एंजेल इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी और बाल मेले का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल, चार्ट और प्रोजेक्ट तैयार कर प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपने बनाए मॉडलों के बारे में आगंतुकों को विस्तार से जानकारी दी और उनकी कार्यप्रणाली समझाई। प्रदर्शनी देखने पहुंचे अभिभावकों ने विद्यार्थियों की मेहनत, कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का एक अन्य आकर्षण बाल मेला रहा, जहां विद्यार्थियों ने खाने-पीने के कई स्टाल लगाए। इन स्टालों पर गोलगप्पे, भेलपुरी, समोसे, चाट, झालमुड़ी और ढोकले जैसे व्यंजनों की खूब मांग रही। बच्चों ने खुद स्टाल संभालते हुए ग्राहकों से संवाद किया और लेन-देन का हिसाब रखा। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें व्यवहारिक अनुभव के साथ प्रबंधन और जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. हिमानी शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, सीखने की जिज्ञासा और सामूहिक रूप से कार्य करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।



