कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर, कमांडर लतीफ भट का नाम भी आया सामने

जम्मू। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। इनमें संगठन के आखिरी सक्रिय कमांडर बताए जा रहे लतीफ भट का नाम भी शामिल है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान घायल हुए उसके साथी उमर निसार को भागने की कोशिश के बाद सुरक्षाबलों द्वारा पकड़ लिए जाने का दावा किया जा रहा है।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक लतीफ भट के मारे जाने या उमर निसार के जिंदा पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में इन दोनों घटनाक्रमों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुलगाम के लारनू बाईपास क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों की ओर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की गई, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। फिलहाल मामले से जुड़ी आधिकारिक जानकारी और पुलिस की पुष्टि का इंतजार है।



