स्टेम स्कॉलर फेलिसिटेशन सेरेमनी’ में मेधावी छात्राओं का सम्मान, ट्रॉफी और पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह

गाजियाबाद। जनपद के Kasturba Gandhi Balika Awasiya Vidyalaya में आयोजित ‘स्टेम स्कॉलर फेलिसिटेशन सेरेमनी’ छात्राओं के लिए प्रेरणा और सम्मान का यादगार अवसर बन गई। शैक्षिक सत्र 2025-26 में विद्यालय ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन दर्ज कराया।
विद्यालय की छात्राओं ने बेहतरीन परिणाम देकर न केवल संस्थान बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया। तीन छात्राओं ने क्रमशः 87%, 85% और 83% अंक प्राप्त किए। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रदेश के 746 केजीबीवी विद्यालयों में गणित और विज्ञान शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्यरत Khan Academy द्वारा इस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव रहे, जबकि खान एकेडमी से रिद्धि रावत और शुभ्रा मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

समारोह के दौरान सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छह छात्राओं को ट्रॉफी और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विषयों में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाली चार छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। छात्राओं के अभिभावकों को सम्मान-पत्र देकर उनकी भूमिका की भी सराहना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा कुणाल मुद्गल ने छात्राओं को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए।

Khan Academy की शुभ्रा मित्तल ने कहा कि शिक्षकों और छात्राओं की मेहनत का ही परिणाम है कि बेटियों ने इतनी शानदार उपलब्धि हासिल की। वहीं रिद्धि रावत ने विद्यालय के सकारात्मक वातावरण और संसाधनों की सराहना की।
कार्यक्रम में एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रस्तुत की गई, जिसमें छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों के अनुभव साझा किए गए। अंत में वार्डन गीता त्यागी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



