गंगा दशहरा 2026 को लेकर मेरठ रेंज में हाई अलर्ट, लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु व्यापक पुलिस प्रबंध

मेरठ। आगामी गंगा दशहरा पर्व को सकुशल संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक Kalanidhi Naithani के निर्देशन में मेरठ रेंज के सभी जिलों में विशेष पुलिस प्रबंधन तैयार किया गया है।
मेरठ परिक्षेत्र कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 06 अपर पुलिस अधीक्षक, 19 क्षेत्राधिकारी, 87 निरीक्षक, 523 उपनिरीक्षक, 634 मुख्य आरक्षी, 638 आरक्षी, 240 होमगार्ड/पीआरडी जवान और 03 कंपनी पीएसी तैनात की गई है।
गंगा दशहरा के अवसर पर मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जनपद के कुल 23 घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के स्नान की संभावना है। इनमें हापुड़ के ब्रजघाट को सबसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाला क्षेत्र माना जा रहा है।
प्रशासन ने विशेष रूप से हापुड़ जनपद के लिए अतिरिक्त पुलिस बल आवंटित किया है, जिसमें 05 पुलिस उपाधीक्षक, 25 निरीक्षक, 140 उपनिरीक्षक, 350 आरक्षी, 40 महिला उपनिरीक्षक और 130 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी, फ्लड पीएसी, फायर टेंडर, एंबुलेंस, बीडीडीएस टीम, यातायात वाहन और गोताखोर दल भी तैनात किए जाएंगे।
डीआईजी Kalanidhi Naithani ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घाटों पर जल बैरिकेडिंग, गहरे पानी के चेतावनी बोर्ड, नावों पर लाइफ जैकेट और रात्रि प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।
यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया गया है ताकि जाम और भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।



