श्री सनातन ज्योतिष कर्मकांड महासभा में नीरज कुमार मिश्रा बने कनिष्ठ उपाध्यक्ष

हापुड। श्री सनातन ज्योतिष कर्मकांड महासभा में संगठन विस्तार के तहत एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई। महासभा के अध्यक्ष दुर्गेश अवस्थी, प्रदेशाध्यक्ष सुबोध पांडे और अन्य पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से श्री बालाजी हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी नीरज कुमार मिश्रा को कनिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर महासभा की ओर से नीरज कुमार मिश्रा को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नियुक्ति के बाद अपने संबोधन में नीरज कुमार मिश्रा ने कहा कि वह महासभा द्वारा दिए गए दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के नाम को नई बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे और सभी पदाधिकारियों के साथ मिलकर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
महासभा के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नीरज कुमार मिश्रा के अनुभव और कार्यशैली से संगठन को मजबूती मिलेगी। इस दौरान संगठन के कई सदस्यों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में महासभा के संस्थापक प्रेम प्रकाश मिश्र, अध्यक्ष दुर्गेश अवस्थी, कोषाध्यक्ष संदीप अवस्थी, प्रदेशाध्यक्ष ज्योतिर्विद पंडित सुबोध पाण्डेय सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी पदाधिकारियों ने नीरज कुमार मिश्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में महासभा धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगी। अंत में नीरज कुमार मिश्रा ने संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।



