हापुड़ में बेखौफ अवैध खनन, रेलवे फाटक के पास धड़ल्ले से चल रहा मिट्टी खनन

हापुड़ ब्यूरो चीफ: मोहम्मद इरफान की खास रिपोर्ट
हापुड़। जनपद में अवैध खनन का खेल लगातार जारी है। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के विकास गांव स्थित रेलवे लाइन फाटक के पास बड़े स्तर पर अवैध मिट्टी खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन माफिया बेखौफ होकर सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे मामले से अनजान बने हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में दिन-रात जेसीबी मशीनों और डंपरों के जरिए मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खनन विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि खनन अधिकारी का फोन तक उठना मुश्किल हो गया है। ऐसे में क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि बिना विभागीय मिलीभगत के इतने बड़े स्तर पर अवैध खनन संभव नहीं हो सकता।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण खनन माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर कार्रवाई से बच रहे हैं या फिर माफियाओं पर मेहरबानी दिखाई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अवैध खनन केवल सरकारी राजस्व को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। लगातार मिट्टी खनन से भूमि कटाव, जल स्तर में गिरावट और आसपास के क्षेत्रों की प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो सकती है।
उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से स्थानीय लोगों ने जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल क्षेत्र में अवैध खनन का काम जारी होने की चर्चा है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।



