आध्यात्मउत्तर प्रदेशदेश-दुनियाप्रशासनिकसामाजिकहापुड़

ज्येष्ठ गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, गढ़मुक्तेश्वर में हुई हाई लेवल ट्रैफिक बैठक

हापुड़। आगामी ज्येष्ठ गंगा दशहरा 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को गढ़मुक्तेश्वर गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक हापुड़, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मेरठ और अपर पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर सहित मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अमरोहा और मुरादाबाद जनपदों के यातायात विभाग के राजपत्रित अधिकारी एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे।

गोष्ठी में ज्येष्ठ गंगा दशहरा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के गढ़मुक्तेश्वर पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक प्लान पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण जैसे मुद्दों पर रणनीति तैयार की।

बैठक में सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का जाम या अव्यवस्था न होने पाए। संवेदनशील मार्गों और घाट क्षेत्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की भी योजना बनाई गई।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। एंबुलेंस, मेडिकल टीम और नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेंगे।

अधिकारियों ने पर्व के दौरान सोशल मीडिया और सार्वजनिक घोषणाओं के माध्यम से लोगों को ट्रैफिक रूट और सुरक्षा निर्देशों की जानकारी देने की बात कही।

हर वर्ष ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर लाखों श्रद्धालु गढ़मुक्तेश्वर पहुंचकर गंगा स्नान करते हैं। ऐसे में प्रशासन इस बार पहले से अधिक व्यापक तैयारी कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button