ब्रजघाट में गंगा की लहरों में उतरीं एक लाख मत्स्य अंगुलिकाएं, संरक्षण का दिया संदेश

हापुड़,(एडिटर इन चीफ: राजकुमार शर्मा)। गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट में 8 अक्टूबर 2026 को मत्स्य विभाग की ओर से गंगा नदी में रिवर रैचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के साथ-साथ मत्स्य सम्पदा के संरक्षण और संवर्धन को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान गंगा नदी में करीब एक लाख मत्स्य अंगुलिकाएं प्रवाहित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेन्द्र सिंह तेवतिया मौजूद रहे। इसके अलावा सहायक पुलिस अधीक्षक महेश कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य, गाजियाबाद ऋचा चौधरी, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष डी.पी. निषाद, मत्स्य पालक विकास अभिकरण हापुड़ के प्रभारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा क्षेत्र के मत्स्य कृषक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने गंगा नदी की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के साथ जलीय जीव-जंतुओं एवं जैव विविधता के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रिवर रैचिंग जैसे कार्यक्रम नदी में मत्स्य संसाधनों के संरक्षण और उनके संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मत्स्य कृषकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाकर मत्स्य पालन को रोजगार और आय के बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से गंगा संरक्षण और जलीय संसाधनों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।



