अध्यात्मउत्तर प्रदेशदेश-दुनियावाराणसीसामाजिक

नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

वाराणसी। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो गया। पर्व के पहले दिन श्रद्धालुओं ने गंगा सहित विभिन्न जलाशयों में स्नान कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद व्रतियों ने पारंपरिक रूप से लौकी-चावल और चने की दाल का प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लिया।

चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में सूर्य देव और छठी मैया की विशेष आराधना की जाती है। शनिवार को व्रती खरना का अनुष्ठान करेंगे। इसके बाद रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा।

छठ पर्व के दौरान महिलाएं संतान की सुख-समृद्धि, परिवार के कल्याण और आरोग्य की कामना के लिए कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। इस पर्व में शुद्धता, नियम, संयम और भक्ति का विशेष महत्व माना जाता है।

महापर्व को देखते हुए वाराणसी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन की ओर से घाटों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button