थाना परिसर स्थित मंदिर में तीन दिवसीय पूजा- अनुष्ठान प्रारंभ, शनिवार को होगी प्राण-प्रतिष्ठा

हापुड़ प्रभारी दुर्वेश तोमर
बहादुरगढ़। थाना परिसर स्थित मंदिर में नई मूर्तियों की स्थापना को लेकर तीन दिवसीय पूजा-अनुष्ठान गुरुवार से विधिवत प्रारंभ हो गया। शनिवार को मंदिर में भगवान शिव परिवार, बजरंगबली तथा राधा-कृष्ण की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में पूर्व स्थापित मूर्ति खंडित होने के बाद थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव के प्रयासों से नई मूर्तियों की स्थापना का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू किया गया है।
पूजा-अनुष्ठान का संचालन पंडित सुरेंद्र द्विवेदी, पंडित विद्याकांत शर्मा, पंडित रविशंकर तिवारी एवं पंडित विवेक तिवारी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ करा रहे हैं। अनुष्ठान में थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र चौधरी, उनकी धर्मपत्नी गुंजन चौधरी सहित पुलिस परिवार के सदस्य श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

शनिवार को प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन होगा। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के भी बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।



