मुकेश कौशिक बने गढ़मुक्तेश्वर कांग्रेस नगर अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने सौंपा मनोनयन पत्र

हापुड़ प्रभारी मोहम्मद इरफान खान
हापुड़। कांग्रेस संगठन ने गढ़मुक्तेश्वर नगर इकाई को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुकेश कौशिक को गढ़मुक्तेश्वर नगर अध्यक्ष मनोनीत किया है। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपकर फूलमाला पहनाई और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने में मुकेश कौशिक का लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी सक्रिय कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में गढ़मुक्तेश्वर नगर में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा।
नवनियुक्त नगर अध्यक्ष मुकेश कौशिक ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर स्तर पर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि संगठन को सक्रिय बनाने के उद्देश्य से अपनी कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि मुकेश कौशिक इससे पहले कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई है, जिसके चलते पार्टी नेतृत्व ने उन्हें नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गजराज सिंह, हापुड़ शहर अध्यक्ष इरफान अहमद, पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी मानवी सिंह, एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक मोघे, एडवोकेट रघुवीर सिंह, डॉ. फराहीम, पंकज चौधरी, प्रवीण शर्मा, सौरभ शर्मा, गुलफाम कुरैशी, कुसुम लता, सुशील शास्त्री, गौरव गर्ग, मोहम्मद परवेज, सुबोध शास्त्री सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुकेश कौशिक को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।



