पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही युवती की ट्रेन की चपेट में आकर मौत, गांव में शोक

सिंभावली प्रभारी योगेश कुमार शर्मा
सिंभावली। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव हाई कोर्ट में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही 21 वर्षीय युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवती की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका पायल, पुत्री सुनील जाटव, निवासी गांव हाई कोर्ट, रोज की तरह सुबह करीब छह बजे दौड़ लगाने के लिए घर से निकली थी। परिजनों ने बताया कि पायल पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी और हाल ही में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा भी दे चुकी थी। भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए वह प्रतिदिन सुबह दौड़ लगाने जाती थी।
मंगलवार सुबह दौड़ के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में वह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार और सिंभावली चौकी प्रभारी आलोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पायल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि वह मेहनती और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित थी। पुलिस सेवा में भर्ती होकर परिवार का नाम रोशन करने का उसका सपना अधूरा रह गया। गांव में हर ओर शोक और गम का माहौल है।



