गोपाल शर्मा हत्याकांड पर विश्व ब्राह्मण संघ में रोष, हत्यारों को फांसी देने की मांग

हापुड़। विश्व ब्राह्मण संघ (भारत) इकाई ने 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या को लेकर गहरा आक्रोश जताया है। संगठन के नगर अध्यक्ष पंडित महेंद्र वशिष्ठ ने अपने कैम्प कार्यालय से जारी बयान में कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटना समाज को झकझोर देने वाली है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है। संगठन की ओर से सरकार और प्रशासन से मांग की गई है कि गोपाल शर्मा के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए।
पंडित महेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि जिस क्रूरता से मासूम की हत्या की गई है, वह बेहद निंदनीय और चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। समाज के लोगों का आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बताया गया कि Jewar क्षेत्र के गांव बनवारीवास उर्फ बनवारीपुर में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
विश्व ब्राह्मण संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पंडित लोकेश शर्मा (मीडिया प्रभारी मेरठ मंडल), नरेंद्र शर्मा समाजसेवी समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।



