Lady सिंघम Aruna Rai का अलग अंदाज, ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर टूटते रिश्तों तक संभाल रहीं जिम्मेदारी

हापुड़ प्रभारी मोहम्मद इरफान
हापुड़। जनपद में अपनी कार्यशैली और संवेदनशील व्यवहार के लिए चर्चित महिला थाना प्रभारी अरुणा राय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ‘लेडी सिंघम’ के नाम से पहचानी जाने वाली अरुणा राय का काम करने का अंदाज लोगों को लगातार प्रभावित कर रहा है।
जहां एक ओर वह कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, वहीं दूसरी ओर सामाजिक मामलों में भी उनकी पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जाता है कि महिला थाना प्रभारी अब तक सैकड़ों परिवारों को टूटने से बचाने में अहम भूमिका निभा चुकी हैं।
हाल ही में उन्होंने 26 वर्षों से पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को आपसी समझौते के जरिए सुलझाकर परिवार को फिर से जोड़ने का काम किया। उनके इस प्रयास की लोगों ने काफी सराहना की। अपने उत्कृष्ट कार्यों के चलते अरुणा राय को कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।
बकरीद (ईद-उल-अजहा) के मौके पर शहर में शांति व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई थी। त्योहार के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए उन्होंने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला और ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित किया।
महिला थाना प्रभारी ने स्वयं सड़कों पर उतरकर वाहन चालकों को मार्गदर्शन दिया, जिससे लोगों को जाम और अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़ा। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे दिन सक्रिय रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अरुणा राय का व्यवहार आम जनता के प्रति सहयोगात्मक है और यही वजह है कि लोग उन्हें एक सख्त लेकिन संवेदनशील अधिकारी के रूप में देखते हैं। बकरीद के मौके पर उनकी ड्यूटी और कार्यशैली की शहरभर में प्रशंसा हो रही है।



