लखीमपुर से बरेली के लिए नई बस सेवा शुरू, खुटार-बंडा समेत कई क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

लखीमपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोला डिपो ने लखीमपुर से बरेली के बीच नई रोडवेज बस सेवा शुरू की है। नई बस निर्धारित मार्ग से होते हुए बरेली के सेटेलाइट बस स्टेशन तक पहुंचेगी। बस सेवा शुरू होने से लखीमपुर के साथ-साथ खुटार, बंडा, बिलसंडा और बीसलपुर क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, बस सुबह 11 बजे गोला रोडवेज बस स्टेशन से रवाना होगी और करीब दोपहर 12 बजे लखीमपुर पहुंचेगी। यहां से यात्रियों को लेकर बस दोपहर 12:30 बजे बरेली के लिए रवाना होगी। इसके बाद खुटार, बंडा, बिलसंडा और बीसलपुर होते हुए बस शाम करीब छह बजे बरेली के सेटेलाइट बस स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी के लिए बरेली से बस शाम 7:30 बजे सेटेलाइट बस स्टेशन से रवाना होगी। इससे इस रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सीधे बस सेवा का लाभ मिलेगा और उन्हें दूसरे साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
गोला डिपो की ओर से शुरू की गई इस नई सेवा से लखीमपुर-बरेली के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर बीच के कस्बों से बरेली जाने वाले यात्रियों के लिए यह बस सेवा काफी उपयोगी साबित हो सकती है।



