उत्तर प्रदेशदेश-दुनियाहादसा

अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में घायल किशोरी की मौत, मृतकों की संख्या 14 पहुंची

प्रयागराज। प्रयागराज-कौशांबी सीमा से सटे चिल्ला शहबाजी गांव में सोमवार को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने एक और जान ले ली। हादसे में गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय उर्वशी ने बुधवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उर्वशी का स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में उपचार चल रहा था।

किशोरी की मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। विस्फोट के बाद से ही अस्पताल में भर्ती उर्वशी की हालत गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम का माहौल है। सोमवार को अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल तीन घायल अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है। उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। वहीं, हादसे के बाद अवैध पटाखा निर्माण और सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button