सगाई टूटी तो भड़का गुस्सा! 5 दिन पहले खरीदा तेजाब, फिर बहनों पर किया हमला

हापुड़। सिंभावली क्षेत्र के माधापुर गांव में दो सगी बहनों पर तेजाब फेंकने के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी हर्ष भाटी उर्फ छुट्टक ने कथित तौर पर हमले की योजना पहले ही बना ली थी। यह घटना अचानक गुस्से में उठाया गया कदम नहीं, बल्कि इसकी तैयारी कई दिन पहले से किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना से करीब पांच दिन पहले तेजाब खरीदा था। शुरुआत में उसने एक दुकान से टॉयलेट साफ करने के लिए इस्तेमाल होने वाला तेजाब लिया, लेकिन उसे लगा कि उसकी क्षमता कम है। इसके बाद उसने फेरी लगाकर सामान बेचने वाले एक व्यक्ति से अधिक सांद्रता वाला तेजाब खरीदा।
बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले दो दिनों से दोनों बहनों पर हमला करने के लिए सही मौके की तलाश में था। शनिवार रात जब दोनों बहनें घर के आंगन में सो रही थीं, तभी आरोपी ने कथित तौर पर उन पर तेजाब फेंक दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हर्ष की कीर्ति नाम की युवती से सगाई हुई थी। हालांकि, उसके व्यवहार समेत अन्य कारणों के चलते परिवार ने रिश्ता खत्म कर दिया था। सगाई टूटने के बाद से आरोपी मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
पुलिस अब मामले में आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ तेजाब खरीदने और हमले की पूरी योजना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



