उत्तर प्रदेशग़ाज़ियाबाददेश-दुनियामौसमहादसा

तेज हवाओं से गुलमोहर एनक्लेव में टूटीं पेड़ों की शाखाएं, बड़ा हादसा टला, RWA पर उठे सवाल

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में तेज हवाओं के कारण कई पेड़ों की बड़ी-बड़ी शाखाएं टूटकर गिर गईं। यह घटना सोसायटी के सेंट्रल पार्क और उसके आसपास के क्षेत्रों में हुई, जहां रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे खेलते हैं, बुजुर्ग टहलते हैं और निवासी आवागमन करते हैं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ शाखाएं सेंट्रल पार्क के भीतर गिरीं, जबकि कुछ मुख्य रास्तों के किनारे आकर गिरीं। यदि उस समय कोई व्यक्ति या वाहन वहां मौजूद होता तो गंभीर नुकसान हो सकता था। घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों ने सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की है।

सोसायटी निवासी दिनेश सिंह ने बताया कि बड़े और पुराने पेड़ों की समय-समय पर जांच और छंटाई कराना रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस बार तो कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने मांग की कि सभी पेड़ों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और कमजोर व सूखी शाखाओं को तत्काल हटाया जाए।

निवासियों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले तेज हवाओं के दौरान सेंट्रल पार्क में बच्चों के झूले का ऊपरी शेड टूटकर गिर गया था। उस समय झूले पर बच्चे मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से कोई घायल नहीं हुआ। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लोगों का कहना है कि सोसायटी से नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता है, लेकिन पेड़ों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की देखरेख में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने मांग की कि पूरे परिसर में लगे पेड़ों, झूलों और अन्य संरचनाओं का व्यापक निरीक्षण कराया जाए।

निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में रखरखाव में लापरवाही के कारण किसी व्यक्ति, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक या वाहन को नुकसान पहुंचता है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित RWA की होगी। उन्होंने सोसायटी में सुरक्षा मानकों की तत्काल समीक्षा और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button