खेलशिक्षासामाजिकहापुड़

बास्केटबॉल चैंपियनशिप में JMS हापुड़ ने जीता रजत पदक, जनपद का बढ़ाया मान

एडिटर इन चीफ: राजकुमार शर्मा

तीन मुकाबलों में शानदार जीत के साथ किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, तीन खिलाड़ियों का नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए चयन

हापुड़। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की इंटर-कॉलेजिएट बास्केटबॉल चैंपियनशिप में जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, हापुड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से संस्थान के साथ-साथ जनपद हापुड़ का नाम भी रोशन हुआ है।

16 और 17 अक्टूबर 2026 को मेरठ के डीएन कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में जेएमएस की टीम ने बेहतरीन खेल, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया। टीम ने लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की। पहले मैच में एमएमएच कॉलेज, गाजियाबाद को 30-26 से हराया। दूसरे मुकाबले में मेजबान डीएन कॉलेज, मेरठ को 30-10 से शिकस्त दी। वहीं, तीसरे मुकाबले में मेरठ कॉलेज, मेरठ को 47-27 से पराजित कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टीम के शानदार प्रदर्शन के आधार पर संस्थान ने प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम किया।

संस्थान के सेक्रेटरी डॉ. रोहन सिंघल ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कोच, अलग-अलग खेलों के लिए उपयुक्त कोर्ट और मैदान तथा आधुनिक खेल उपकरणों सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के अवसर प्रदान करना है।

मैनेजिंग डायरेक्टर ने दी खिलाड़ियों को बधाई

इस उपलब्धि पर जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे जनपद हापुड़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि पहले हापुड़ के बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए विश्वविद्यालय की इंटर-कॉलेजिएट प्रतियोगिताओं तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अब संस्थान के खिलाड़ी विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि संस्थान में खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए जाते हैं। इसके बाद उन्हें उचित प्रशिक्षण और तैयारी के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर दिया जाता है, ताकि वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में भी करेंगे विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व

संस्थान के स्पोर्ट्स डायरेक्टर दीपांशु गर्ग ने बताया कि टीम के तीन खिलाड़ियों हरलिव जोत सिंह रंधावा, देव और शांतनु सागर का चयन नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ये खिलाड़ी पंजाब में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर टीम मैनेजर एवं जूडो कोच प्रिंस यादव और बास्केटबॉल के हेड कोच मनप्रीत खैरा भी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, हापुड़ की यह उपलब्धि संस्थान में खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। इस सफलता से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button