जिलाधिकारी के प्रयास से जनपद को मिली 1140 मीट्रिक टन यूरिया

हापुड। खरीफ सीजन को देखते हुए जनपद में किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को हापुड़ रेक पॉइंट पर के.एफ.एल. की 1140 मीट्रिक टन यूरिया की खेप पहुंची। जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने इसे किसानों के लिए बड़ी राहत बताया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर पिछले कई दिनों से लखनऊ मुख्यालय से लगातार संपर्क कर यूरिया आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा था। यूरिया की खेप पहुंचने के बाद जिला कृषि अधिकारी ने रेक पॉइंट पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
कृषि विभाग के अनुसार इस नई खेप के बाद जनपद में कुल 7720 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हो गया है, जो लगभग 1 लाख 71 हजार बैग के बराबर है। इसके अलावा करीब 3170 मीट्रिक टन डीएपी खाद, यानी लगभग 63 हजार बैग भी उपलब्ध हैं। अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान खरीफ मौसम के लिए यह मात्रा पर्याप्त मानी जा रही है।
प्रदेश सरकार भी खाद की उपलब्धता को लेकर लगातार निगरानी बनाए हुए है। कृषि मंत्री द्वारा नियमित अंतराल पर समीक्षा बैठकें की जा रही हैं और जनपदों की मांग के अनुसार खाद की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिदिन खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और टैगिंग जैसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि वे अधिकृत केंद्रों से ही खाद खरीदें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।



