बिना अनुमति चल रहा स्विमिंग पूल सील, युवक घायल होने पर संचालक गिरफ्तार

सिंभावली रिपोर्टर:योगेश कुमार शर्मा
हापुड़। थाना सिम्भावली क्षेत्र में बिना प्रशासनिक अनुमति संचालित हो रहे एक स्विमिंग पूल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम अनुपूर डिबाई स्थित स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान एक युवक के घायल होने के बाद पुलिस ने पूल संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक स्विमिंग पूल बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों और वैध अनुमति के संचालित किया जा रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सिम्भावली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संचालक को हिरासत में ले लिया।
बताया गया कि पूल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। न तो वहां जरूरी लाइफ सेफ्टी उपकरण मौजूद थे और न ही प्रशासनिक स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए जा सके। युवक के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि जनपद में बिना अनुमति संचालित गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन अब क्षेत्र में संचालित अन्य स्विमिंग पूलों और मनोरंजन स्थलों की भी जांच करने की तैयारी में है, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में बिना अनुमति चल रहे व्यवसायों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।



