15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू, बेंगलुरु के लिए जाएगी पहली फ्लाइट

ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं की शुरुआत का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 15 जून को एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट बेंगलुरु के लिए रवाना होगी। यह उड़ान लखनऊ से शुरू होकर नोएडा एयरपोर्ट के रास्ते बेंगलुरु पहुंचेगी। इस ऐतिहासिक शुरुआत को लेकर यात्रियों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पहली उड़ान IndiGo Airlines द्वारा संचालित की जाएगी। एयरलाइन ने टिकट बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू करने की घोषणा कर दी है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद से यात्री ऑनलाइन और अधिकृत प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से टिकट बुक करा सकेंगे।
बताया जा रहा है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को हाल ही में नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम की मंजूरी मिली थी। इसके बाद इंडिगो ने 15 जून से उड़ान सेवाएं शुरू करने का फैसला लिया। यह मंजूरी एयरपोर्ट संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हालांकि Akasa Air और Air India Express ने अभी तक अपनी उड़ान सेवाएं शुरू करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में अन्य एयरलाइंस भी यहां से संचालन शुरू करेंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलेगा। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी राहत मिलेगी। इससे रोजगार, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस यह एयरपोर्ट भविष्य में देश के प्रमुख हवाई केंद्रों में शामिल हो सकता है।



