राष्ट्रीय लोक अदालत में 2.89 लाख मामलों का निस्तारण, 5.10 करोड़ रुपये का सेटलमेंट

एडिटर इन चीफ राजकुमार शर्मा
हापुड़, 12 सितंबर। जनपद हापुड़ में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह प्रथम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, बैंक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और वादकारियों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ प्री-लिटिगेशन मामलों का भी आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया।

नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं अपर जिला जज अवनीश कुमार राय ने बताया कि जनपद के विभिन्न न्यायालयों द्वारा कुल 5,037 वादों का निस्तारण किया गया। इनमें कुल 2,84,67,596 रुपये का सेटलमेंट हुआ। वहीं विभिन्न बैंकों द्वारा निर्धारित 350 प्री-लिटिगेशन मामलों में से 167 मामलों का निस्तारण कर 2,26,05,000 रुपये का सेटलमेंट किया गया। इसमें 75,24,000 रुपये की धनराशि नगद प्राप्त हुई।
इसके अलावा राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न प्रकार के 2,84,752 मामलों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार जनपद में कुल 2,89,956 मामलों का निस्तारण हुआ और कुल 5,10,72,596 रुपये का सेटलमेंट किया गया।
परिवार न्यायालय में 42 मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें छह दंपतियों को सुखमय जीवन के लिए न्यायालय से विदा किया गया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में 26 मामलों का निस्तारण कर 2.09 करोड़ रुपये का सेटलमेंट किया गया।
जनपद न्यायाधीश अजय कुमार सिंह प्रथम ने कहा कि लोक अदालत में मामलों का निस्तारण होने से दोनों पक्षों को लाभ मिलता है और समय व धन की बचत होती है। उन्होंने लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए न्यायिक अधिकारियों, बैंक अधिकारियों, वादकारियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।



