ग़ाज़ियाबादमनोरंजनराजनीतिसामाजिक

बधाइयों से गूंजा जानकी भवन, संजीव शर्मा के जन्मदिन पर उमड़े समर्थक और शुभचिंतक

ब्यूरो चीफ पवन शर्मा

गाजियाबाद,(लाईव न्यूज उत्तर प्रदेश)। सोमवार 14 सितंबर 2026 को शहर विधायक संजीव शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर उनके आवास एवं जानकी भवन में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। देर रात से शुरू हुआ शुभकामनाओं का सिलसिला सोमवार को पूरे दिन जारी रहा। बड़ी संख्या में शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों और पत्रकारों ने पहुंचकर विधायक संजीव शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। जन्मदिन समारोह की शुरुआत रात्रि से ही हो गई थी।

देर रात से ही हजारों की संख्या में समर्थक और शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंचने लगे। सोमवार सुबह होते-होते लोगों की भीड़ और बढ़ गई। जानकी भवन में अपने लोकप्रिय विधायक को बधाई देने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। लोगों के चेहरे पर उत्साह और आत्मीयता साफ दिखाई दे रही थी।
खास बात यह रही कि गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में लोग संजीव शर्मा को शुभकामनाएं देने पहुंचे। शहर के गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों, प्रमुख व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

जन्मदिन की बधाई देने वालों में महंत नारायण गिरी महाराज, पंडित महेश वशिष्ठ, पुरा महादेव के महंत अभिषेक गुरु, सांसद अतुल गर्ग, पूर्व राज्य मंत्री बालेश्वर त्यागी, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, मेयर सुनीता दयाल, विधायक अजीत पाल त्यागी, पूर्व विधायक रूप चौधरी, पूर्व एमएलसी सुरेश कश्यप, पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, मास्टर अमरदत्त शर्मा, शिक्षाविद राम अवतार जिंदल, प्रमुख व्यवसायी संजीव गुप्ता, देवेंद्र हितकारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल रहे। इस मौके पर विधायक संजीव शर्मा ने सभी शुभचिंतकों, वरिष्ठजनों, कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों, युवाओं तथा पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी ताकत और पूंजी है। जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें सेवा का अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद शहर के विकास को और गति देने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वह पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

विधायक के जन्मदिन पर देर रात से लेकर सोमवार तक जिस तरह लोगों की भारी भीड़ बधाई देने पहुंची, उससे संजीव शर्मा के प्रति लोगों के उत्साह और आत्मीय जुड़ाव की झलक साफ दिखाई दी। जन्मदिन समारोह शहर में उनके व्यापक जनसंपर्क और लोकप्रियता का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button