सी.एल. शर्मा बने जिला कांग्रेस महासचिव, राकेश त्यागी ने दिलाई जिम्मेदारी

एडिटर इन चीफ: राजकुमार शर्मा
हापुड़। जिला कांग्रेस कमेटी को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम उठाया गया। जिला कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने देवलोक कॉलोनी निवासी सी.एल. शर्मा को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई और उन्हें जिला महासचिव के पद की जिम्मेदारी सौंपी।
कार्यक्रम के दौरान राकेश त्यागी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और वर्तमान समय में भी जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस लगातार आवाज बुलंद कर रही है, जबकि सरकार आम लोगों की परेशानियों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सी.एल. शर्मा के संगठन में शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान भी किया।
नवनियुक्त जिला महासचिव सी.एल. शर्मा ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और जनहित की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
सी.एल. शर्मा ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाएं तथा अपने नाम और पद की नेम प्लेट भी प्रदर्शित करें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कार्यकर्ता अपनी कारों और दोपहिया वाहनों पर कांग्रेस के झंडे और स्टीकर लगाकर पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करें।
कार्यक्रम के दौरान जिला महासचिव गौरव गर्ग, प्रवीण शर्मा, जिला महासचिव संजय छाबड़ा, कंट्रोल रूम प्रभारी गोपाल भारतीय सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सी.एल. शर्मा का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने पर भी चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि संगठन को मजबूत बनाकर जनता के मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।



