उत्तर प्रदेशखेलप्रदर्शनशिक्षासामाजिकहापुड़

राष्ट्रीय कुराश चैंपियनशिप में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल का शानदार खेल प्रदर्शन, चार पदक जीतकर बढ़ाया गौरव

एडिटर इन चीफ राजकुमार शर्मा

हापुड़। पंजाब के लुधियाना स्थित गुरु नानक स्पोर्ट्स स्टेडियम के इंडोर हॉल में 4 से 7 सितंबर 2026 तक आयोजित सब-जूनियर राष्ट्रीय कुराश चैंपियनशिप में जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक रजत सहित कुल चार पदक जीतकर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जेएमएस वर्ल्ड स्कूल परिवार के साथ-साथ जनपद हापुड़ और उत्तर प्रदेश का भी गौरव बढ़ा है।

विद्यालय के कुराश प्रशिक्षक प्रिंस यादव ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने पूरी प्रतिबद्धता, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के ग्रुप-1 में 30 किलोग्राम भार वर्ग के खिलाड़ी शयान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

वहीं ग्रुप-2 में 50 किलोग्राम भार वर्ग में कुणाल कुमार ने शानदार प्रदर्शन के साथ रजत पदक अपने नाम किया। 30 किलोग्राम भार वर्ग में अभिषेक ने कांस्य पदक, जबकि 44 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में परी यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के प्रबंधक निदेशक डॉ. आयुष सिंघल ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि प्रतिभावान विद्यार्थी जिला एवं राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।


विद्यालय के सचिव डॉ. रोहन सिंघल ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास करते हैं। आज खेल केवल रोजगार का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि खेलों के माध्यम से युवा देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निधि मलिक ने कहा कि वर्तमान समय में भारत में खेलों के प्रति जागरूकता और संभावनाएँ तेजी से बढ़ रही हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है। विशेष रूप से भारतीय बेटियों ने ओलंपिक सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि जे एम एस वर्ल्ड स्कूल विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है।विद्यालय के खेल निदेशक दीपांशु गर्ग, खेल अधिकारी अंकुर पूनिया, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष अमित प्रताप एवं खेल प्रशिक्षक गीता त्यागी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस शानदार सफलता ने जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ की खेल उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के बल पर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है।
जेएमएस वर्ल्ड स्कूल परिवार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए भविष्य में और भी बड़ी सफलताओं की शुभकामनाएँ दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button