JMS Group of Institutions, हापुड़ को मिली NCC की 160 सीटों की सौगात: पश्चिमांचल में जगी देशभक्ति की नई अलख

एडिटर इन चीफ: राजकुमार शर्मा
हापुड़। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जे०एम०एस० ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, हापुड़ ने एक नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान को राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की 160 सीटों का बड़ा आवंटन प्राप्त हुआ है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद JMS ग्रुप न केवल हापुड़ बल्कि पूरे पश्चिमांचल क्षेत्र में गौरव, अनुशासन और देशभक्ति का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।
हापुड़ जनपद 38 एन०सी०सी० बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल विजयंत शारदा और मेजर संजय धामा जी ने संस्थान में आकर जे०एम०एस० ग्रुप को 160 सीटें आवंटित करने की सूचना प्रदान की जिससे संस्थान के प्रांगण में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कर्नल विजयंत शारदा छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए अपने व्याख्यान में कहा कि यह अवसर युवाओं को सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, चरित्र निर्माण और निस्वार्थ राष्ट्र सेवा का उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करेगा। NCC प्रशिक्षण के माध्यम से छात्रों को न केवल एक सशक्त नागरिक बनने की प्रेरणा मिलेगी, बल्कि वे आने वाले समय में देश की रक्षा सीमाओं और प्रशासनिक सेवाओं में अपना योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार हो सकेंगे।

संस्थान के फाउंडर चेयरमैन श्री राकेश सिंघल, वाईस चैयरमेन डॉ० हिमांशु सिंघल, सचिव डॉ० रोहन सिंघल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ० आयुष सिंघल व् संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर डॉ सुभाष गौतम ने इस उपलब्धि को पूरे JMS परिवार के लिए एक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय क्षण करार दिया। प्रबंध तंत्र का कहना है कि यह सौगात छात्रों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी। भारतीय सशस्त्र बलों (सेना, नौसेना, वायुसेना) और अर्धसैनिक बलों की भर्तियों में भी विशेष छूट और प्राथमिकता मिलती है। ऐसे में JMS के छात्रों के लिए रक्षा क्षेत्र और सरकारी नौकरियों में करियर बनाने के नए और सुनहरे द्वार खुलेंगे।
160 सीटों का यह आवंटन JMS ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की शैक्षणिक गुणवत्ता, उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक काबिलियत पर मुहर लगाता है। इस उपलब्धि से संस्थान की साख और प्रतिष्ठा को पूरे पश्चिमांचल में एक नई और मजबूत पहचान मिली है। अब यह संस्थान केवल उच्च शिक्षा और तकनीकी ज्ञान तक सीमित न रहकर क्षेत्रीय स्तर पर युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक प्रमुख आधार स्तंभ बनने जा रहा है। संस्थान के शिक्षकों और अधिकारियों ने भी इस अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि NCC कैडेट्स को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं, जिससे छात्र राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय कैंपों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। संस्थान में एन०सी०सी० लाने के लिए पुस्तकालय अध्यक्ष श्री अनुज त्यागी जी का सराहनीये योगदान रहा।



