उत्तर प्रदेशग़ाज़ियाबादसामाजिक

हिंदी दिवस विशेष के रूप में आयोजित हुई ‘संस्कार वैभव’ की सितंबर माह की सभा

लाइव न्यूज़ उत्तर प्रदेश,(पवन शर्मा)

गाजियाबाद। संस्कार वैभव की सितंबर माह की सभा हिंदी दिवस विशेष के रूप में पार्श्वनाथ मैजेस्टिक फ्लोर्स, इंदिरापुरम स्थित लक्ष्मी भट्ट के आवास पर आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के कालिंदी कॉलेज की सहायक प्राध्यापक डॉ. भावना शुक्ल मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन की सेवानिवृत्त हिंदी शिक्षिका श्रीमती रश्मि त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। संस्था की अध्यक्ष मीना जैन ने अतिथियों एवं सभी सदस्यों को हिंदी दिवस तथा सितंबर माह में आने वाले विभिन्न त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।

मीना जैन ने हिंदी के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से हिंदी सहित अन्य प्रादेशिक भाषाओं को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में स्वीकार किए जाने की दिशा में निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. भावना शुक्ल ने हिंदी को भारत की आत्म-अभिव्यक्ति बताते हुए कहा कि हिंदी देश की भावनाओं और संस्कृति को अभिव्यक्त करने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। इस अवसर पर हिंदी प्रेम को समर्पित पंक्तियां भी प्रस्तुत की गईं—

“हिन्दी प्रेमी जगत में, हिन्दी है पहचान।
अंतस में भाषा बसे, ज्यों हृदय में प्राण।।“

संस्था की वार्षिक रिपोर्ट एवं वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी सचिव मधु मंत्री और मनीषी सिन्हा ने सदस्यों के समक्ष रखी। वहीं शालिनी सिंह ने साहित्यकार माधव मधुकर की कविता का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण किया।

ईभा प्रसाद एवं ऋतु जैन के प्रभावी संचालन में सदस्यों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। संगोष्ठी का विषय ‘हिंदी हमारी राष्ट्र की भाषा’, ‘गांधी के देश में हिंदी—दशा और दिशा’ तथा सितंबर माह के विभिन्न त्योहारों पर केंद्रित रहा।

कार्यक्रम के दौरान हिंदी भाषा सम्मान गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों के वक्तव्य के बाद मैत्री मेहरोत्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जिसके साथ सभा का समापन हुआ।

संगोष्ठी में मीना जैन, संध्या सिंह, लक्ष्मी भट्ट, आशा सक्सेना, शालिनी सिंह, निधि वर्मा, सुमन बिष्ट, रेनूबाला सिंह, विद्या गोलेसर, मुक्ति बत्रा, मधु मंत्री, मनीषी सिन्हा, मैत्री मेहरोत्रा, सुनीता सिंह, ईभा प्रसाद एवं ऋतु जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button