अभ्युदय योजना से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगी नई दिशा : डीएम कविता मीना

हापुड़। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत मंगलवार को एसएसवी डिग्री कॉलेज, हापुड़ में सत्र 2026-27 के लिए परिचय एवं मार्गदर्शन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी हापुड़ श्रीमती कविता मीना ने प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) तथा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित आईएएस और पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभ्युदय योजना के माध्यम से अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा के साथ-साथ मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी भी अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों द्वारा कराई जाएगी। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा की रणनीति समझने और बेहतर तैयारी करने में सहायता मिलेगी।
डीएम कविता मीना ने छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना, नियमित अध्ययन करना और निरंतर मेहनत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा पूरी लगन और अनुशासन के साथ अपनी तैयारी जारी रखने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को योजना के उद्देश्य, प्रशिक्षण व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें सही दिशा एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।



