हापुड़ पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजीव आर्या, 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से किया संवाद

एडिटर इन चीफ: राजकुमार शर्मा
हापुड़। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजीव आर्या बुधवार को हापुड़ पहुंचे। हितकारी फार्म हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले निजामपुर बाईपास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर संजीव आर्या का जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने उन्हें डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर भेंट की।
कार्यक्रम में संजीव आर्या ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ जुट जाएं।

संजीव आर्या ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के कार्यों से आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि केंद्र की सत्ता तक पहुंचने का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को केंद्र में मजबूत सरकार बनानी है तो 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को मजबूत जनसमर्थन हासिल करना होगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता एडवोकेट शहजादा चौधरी और नरेश भाटी ने किया। इस दौरान शहर अध्यक्ष इरफान अहमद, पूर्व विधायक गजराज सिंह, सचिन चौधरी, मोहम्मद आरिफ, पंडित अरविंद शर्मा, नवरत्न त्यागी, सैय्यद अयाजुद्दीन, मिथुन त्यागी, दिनेश चंद शर्मा, विक्रांत वशिष्ठ समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



