हापुड़ के योग खिलाड़ियों ने प्रदेश में लहराया परचम, 24 पदकों के साथ हासिल किया द्वितीय स्थान

हापुड़। योगासन स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की ओर से आईआईटी कैंपस, सहारनपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में हापुड़ जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 40 से अधिक जिलों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। हापुड़ की टीम ने विभिन्न वर्गों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 24 पदक अपने नाम किए, जिनमें 15 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रतियोगिता में प्रोफेशनल कैटेगरी में प्रीति वर्मा ने कांस्य पदक तथा सीनियर मेल कैटेगरी में गौरव गोयल ने कांस्य और रुद्रांश ने स्वर्ण पदक जीता। सीनियर फीमेल कैटेगरी में जूली सैनी, बृजेश, राधिका सैनी और पूजा ने रजत पदक हासिल किए।
जूनियर फीमेल कैटेगरी में प्रिंसी शर्मा, तुलसी, गुंजन, पलक तोमर, तानिया और शिवानी ने स्वर्ण पदक, जबकि नव्या शर्मा और अक्षिता ने रजत पदक प्राप्त किए। जूनियर मेल कैटेगरी में दीपांशु ने स्वर्ण तथा अंशुमन ने रजत पदक हासिल किया।
जिला एसोसिएशन की सचिव प्रीति वर्मा ने बताया कि 2 अगस्त 2026 को जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, हापुड़ में जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें शानदार प्रदर्शन करने वाले 41 खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था, जिसमें 32 महिला और 9 पुरुष खिलाड़ी शामिल थे। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों ने जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।
उन्होंने बताया कि हापुड़ के 18 बच्चों का चयन अक्टूबर में जयपुर में होने वाली जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जिला एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आयुष सिंघल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि एसोसिएशन लंबे समय से हापुड़ में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में हापुड़ के और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष चंद, उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, संयुक्त सचिव ममता गर्ग सहित जूली सैनी, गौरव गोयल सर्राफ, बिरजेश, मनीषा सैनी, ईशा वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।



