हापुड़ में शादी समारोह के दौरान लाखों की चोरी, कन्यादान की रकम लेकर फरार हुए बदमाश

हापुड़ प्रभारी: मोहम्मद इरफान खान
हापुड़। जनपद हापुड़ के गढ़ रोड स्थित मनोहर रिजेंसी बैंक्विट हॉल में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान लाखों रुपये की चोरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और कन्यादान की नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई, जबकि बैंक्विट हॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह शादी समारोह मेरठ-हापुड़ लोकसभा सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि अशोक कुमार बबली की बेटी का था। परिजनों का आरोप है कि कन्यादान में मिली लाखों रुपये की नकदी एक बैग में रखी गई थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए कमरे की खिड़की तोड़ी और बैग लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल बैग की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही बैंक्विट हॉल के कर्मचारियों और कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनोहर रिजेंसी बैंक्विट हॉल शहर के प्रमुख और हाई-प्रोफाइल समारोह स्थलों में गिना जाता है। ऐसे स्थान पर इस तरह की चोरी की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती तो इस तरह की वारदात को रोका जा सकता था।
फिलहाल चोरी गई रकम की सटीक जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



