देश-दुनियामौसमहापुड़

हल्की बारिश ने खोली प्रशासन की पोल! सिंभावली बना तालाब, जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल

सिंभावली प्रभारी: योगेश कुमार शर्मा की विशेष रिपोर्ट

सिंभावली। हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर तहसील के सिंभावली क्षेत्र में हल्की सी बारिश ने ही नगर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था की सच्चाई सबके सामने ला दी। कुछ देर की वर्षा के बाद ही मुख्य बाजार और कई प्रमुख सड़कें पानी से लबालब भर गईं, जिससे पूरा इलाका तालाब में तब्दील होता नजर आया।
बारिश का पानी सड़कों पर इस कदर जमा हो गया कि लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे हर पल दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी व्यापारियों को झेलनी पड़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में हर बारिश के साथ यही हालात बन जाते हैं। कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी गहरा गई है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि प्रशासन तत्काल प्रभाव से नालों की सफाई कराए, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करे और जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू कर लोगों को इस गंभीर समस्या से निजात दिलाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब हल्की बारिश में ही सिंभावली की सड़कें तालाब बन जाती हैं, तो भारी बारिश के दौरान आखिर क्या हाल होगा? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या बीमारी के फैलने का इंतजार कर रहा है, या फिर इस बार जिम्मेदार अधिकारी ठोस कार्रवाई करेंगे?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button