गुरुग्राम में बम की धमकी से हड़कंप, स्कूलों के साथ PM मोदी की रैली भी निशाने पर

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में एक बार फिर बम की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। इस बार ई-मेल के माध्यम से शहर के कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं और सभी संवेदनशील स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमिटी स्कूल, सालवान पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्कूल और मिनी सचिवालय को ई-मेल भेजकर बम विस्फोट की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित स्कूल प्रबंधन और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। पुलिस ने एहतियातन परिसरों की गहन जांच कराई।
जांच के दौरान सामने आया कि धमकी भरा ई-मेल कथित तौर पर बांग्लादेश के एक आईपी एड्रेस से भेजा गया है। साइबर विशेषज्ञों और जांच एजेंसियों ने ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके और उसके नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।
धमकी भरे ई-मेल में केवल गुरुग्राम के संस्थानों को ही नहीं, बल्कि 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भी बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया है और संबंधित सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सभी स्थानों की जांच की जा रही है। शुरुआती तलाशी में किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मामले की गहन जांच जारी है। साइबर सेल, खुफिया एजेंसियां और अन्य सुरक्षा इकाइयां मिलकर ई-मेल की उत्पत्ति और इसके पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



