सिंभावली में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पोपलीन मशीन और दो डंपर सील

योगेश कुमार शर्मा सिंभावली प्रभारी
हापुड़। जनपद के सिंभावली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा है। जिलाधिकारी कविता मीणा के निर्देशन में गढ़मुक्तेश्वर उप जिलाधिकारी राम सिंह और थाना प्रभारी सिंभावली सुरेश कुमार ने संयुक्त टीम के साथ छापेमारी की।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि सिंभावली ब्लॉक के गांव बुकलाना क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही एक पोपलीन मशीन और दो डंपर मिले।
अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों डंपरों और पोपलीन मशीन को सील कर दिया। प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से क्षेत्र के रास्तों, पर्यावरण और आसपास के लोगों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए ताकि खनन माफियाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
एसडीएम राम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। खनन से जुड़े वाहनों और गतिविधियों की जांच की जा रही है। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में चिंता का माहौल है। अधिकारियों ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।



