उत्तर प्रदेशसामाजिकहापुड़

धरने के बाद जागा नगर पालिका प्रशासन, वार्ड-21 में जलभराव और गंदगी की समस्या का हुआ समाधान

हापुड़। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-21 में लंबे समय से चली आ रही जलभराव, गंदगी और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों और भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों द्वारा दिए गए धरने के बाद आखिरकार नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया।

धरने के बाद नगर पालिका के मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक मौके पर पहुंचे और मोहल्ले का निरीक्षण किया। इस दौरान जलभराव वाले स्थानों से पानी निकलवाकर सफाई कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली। साथ ही अधिकारियों ने एक माह के अंदर सड़क निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया।

स्थानीय निवासी अवनीश कश्यप ने बताया कि वार्ड में काफी समय से लोग परेशान हैं। मोहल्ले में जगह-जगह गंदगी, जलभराव और टूटी हुई सड़क के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार वार्ड सभासद को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।

उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड सभासद द्वारा दूसरे क्षेत्रों में निर्माण कार्य कराया गया, जबकि उनके मोहल्ले की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। इससे नाराज होकर लोगों ने बुधवार को नगर पालिका स्थित निर्माण विभाग कार्यालय के बाहर धरना दिया था।

धरने की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई और सड़क निर्माण को लेकर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान तभी होगा जब सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ठीक की जाएगी। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि दिए गए आश्वासन को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। सफाई कार्य शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन सभी की निगाहें अब सड़क निर्माण की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button