हापुड़ GST विभाग में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, बाबू 24 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सिंभावली प्रभारी:योगेश कुमार शर्मा
हापुड़। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेरठ एंटी करप्शन टीम ने जीएसटी विभाग में तैनात बाबू जयदीप को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक थाना हापुड़ क्षेत्र स्थित जीएसटी विभाग में तैनात बाबू जयदीप एक व्यापारी से फाइल से जुड़े मामले को निपटाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। आरोप है कि रिश्वत न देने पर व्यापारी को लगातार परेशान और धमकाया जा रहा था।
परेशान व्यापारी ने मामले की शिकायत मेरठ एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही आरोपी ने व्यापारी से 24 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी बाबू से पूछताछ की जा रही है। एंटी करप्शन टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग में कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



