उत्तर प्रदेशक्राइमदेश-दुनियाहापुड़

दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या का आरोप

सिंभावली प्रभारी योगेश कुमार शर्मा

हापुड़/सिंभावली। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव भोवपुर मस्तान नगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव भोवपुर मस्तान नगर निवासी शुभम गोयल की शादी करीब दो वर्ष पूर्व ऋषिकेश निवासी अदिति गर्ग के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। मृतका के पिता सचिन कुमार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था।

परिजनों का कहना है कि 21 मई की रात अदिति ने फोन कर रोते हुए अपनी जान को खतरा बताया था। आरोप है कि इसके कुछ समय बाद ही उसे जहरीला पदार्थ देकर हापुड़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा कई बार 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। मांग पूरी न होने पर अदिति के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना सिंभावली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button