
हापुड़। श्री सनातन ज्योतिष कर्मकांड महासभा (रजि.) के प्रदेश अध्यक्ष पंडित सुबोध पाण्डेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त जिलाधिकारी कविता मीणा से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका सम्मान किया। इस दौरान महासभा की ओर से जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।
मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी कविता मीणा ने ज्योतिष परंपरा और कर्मकांड से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक विधाओं का महत्व कम होता जा रहा है, ऐसे में इस दिशा में कार्य कर रहे संगठनों की भूमिका सराहनीय है।
प्रदेश अध्यक्ष पंडित सुबोध पाण्डेय ने जिलाधिकारी को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने महासभा की ओर से प्रशासन के साथ सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर महासभा के संस्थापक प्रेम प्रकाश मिश्रा, प्रवीण तिवारी, सुरेंद्र द्विवेदी, ललित शर्मा, यतेंद्र शर्मा और कविता शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने जिलाधिकारी से हुई मुलाकात को सुखद बताते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस प्रकार की मुलाकातें प्रशासन और समाज के बीच संवाद को मजबूत करती हैं और सामूहिक विकास की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाती हैं।



