उत्तर प्रदेशदेश-दुनियाराजनीति

होमगार्ड भर्ती परीक्षा पर हाई अलर्ट, CM योगी आज करेंगे सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ बुधवार रात प्रदेश में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। आगामी परीक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है और इसे निष्पक्ष, पारदर्शी व नकलविहीन तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता में शामिल है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के सभी अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), पुलिस आयुक्त, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, आईजी/डीआईजी रेंज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक और जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की निगरानी, अभ्यर्थियों की सुविधाएं और यातायात प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जानी है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा है कि अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही नकल रोकने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस और खुफिया एजेंसियों को सक्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।

सरकार का लक्ष्य है कि यह परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो। इसी के तहत मुख्यमंत्री की यह समीक्षा बैठक बेहद अहम मानी जा रही है, जिसमें सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button