भक्तिमय रहेगा Classic Residency, श्री गणपति महोत्सव का भव्य आयोजन 20 सितंबर तक

ब्यूरो चीफ-पवन शर्मा
गाजियाबाद,(लाईव न्यूज उत्तर प्रदेश)। राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेजिडेंसी में पहली बार सामूहिक रूप से श्री गणपति महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सोसाइटी के अध्यक्ष श्री देशमणि शर्मा के नेतृत्व में आयोजित यह सात दिवसीय महोत्सव 14 से 20 सितंबर 2026 तक चलेगा।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना, कीर्तन और आरती का आयोजन किया जा रहा है। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है। धार्मिक कार्यक्रमों में सोसाइटी के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों समेत बड़ी संख्या में निवासी उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं।
आयोजन की खास बात यह है कि अलग-अलग दिनों में अलग-अलग यजमान परिवार पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर रहे हैं। इससे सोसाइटी के अधिक से अधिक परिवारों को सामूहिक आराधना से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

प्रतिदिन होने वाले भजन-कीर्तन और आरती से क्लासिक रेजिडेंसी का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। आयोजन में निवासियों की सहभागिता से आपसी मेलजोल और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
आयोजकों ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी यजमान परिवारों और सोसाइटी के निवासियों का आभार जताया। उन्होंने सभी परिवारों से गणपति महोत्सव के शेष कार्यक्रमों में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।



