उत्तर प्रदेशदेश-दुनियामनोरंजनसामाजिकहापुड़

शिवा ढाबे पर पद्मश्री डॉ. अशोक चक्रधर का हुआ भव्य स्वागत, ब्राह्मण सभा ने किया सम्मानित

एडिटर इन चीफ: राजकुमार शर्मा

हापुड़। प्रसिद्ध हास्य कवि, साहित्यकार एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ. अशोक चक्रधर का मंगलवार को हापुड़ बाईपास स्थित शिवा ढाबे पर भव्य स्वागत किया गया। रामनगर से दिल्ली जाते समय डॉ. अशोक चक्रधर अपनी पत्नी के साथ शिवा ढाबे पहुंचे, जहां जिले की ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

इस अवसर पर ब्राह्मण सभा की ओर से उन्हें भगवान परशुराम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं शिवा ढाबे के स्वामी संदीप आत्रे एवं शाकुल शर्मा ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।

सम्मान समारोह के दौरान हिंदी साहित्य, संस्कृति और समाज में कविता की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने डॉ. अशोक चक्रधर से उनके साहित्यिक सफर और अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

डॉ. अशोक चक्रधर ने कहा कि कविता केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने और जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज की वास्तविक परिस्थितियों को लोगों के सामने लाता है और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है।

उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली और बढ़ते मानसिक तनाव के दौर में कविता लोगों को राहत, खुशी और आत्मिक शांति प्रदान करती है। हास्य और व्यंग्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करने के साथ लोगों के जीवन में नई उमंग भरते हैं।

गौरतलब है कि डॉ. अशोक चक्रधर हिंदी साहित्य और हास्य कविता के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम हैं। उन्हें पद्मश्री, यश भारती, हास्य रत्न, साहित्य शिरोमणि और ब्रज गौरव जैसे कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय हिंदी संस्थान और हिंदी अकादमी में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

दूरदर्शन और विभिन्न राष्ट्रीय चैनलों पर अपने कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने साहित्य और हास्य को आम लोगों तक पहुंचाया। उनका चर्चित कार्यक्रम “वाह-वाह” आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने डॉ. अशोक चक्रधर के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस मौके पर नानक चंद शर्मा, वैद्य करुण शर्मा, प्रवीण शर्मा पत्रकार, पंडित नवीन शर्मा, पुनीत शर्मा, बॉबी पाठक, भरतलाल शर्मा, शाकुल शर्मा, निशांत शर्मा, प्रशांत शर्मा, राजीव शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button